झूला हादसा : इस्माइल गंज चौकी इंचार्ज के खिलाफ जांच के आदेश
लखनऊ। इंदिरानगर सेक्टर-8 स्थित कुबेर जी लॉन में सावन महोत्सव के दौरान हुए झूला हादसे के मामले में इस्माइलगंज चौकी इंचार्ज दिनेश तिवारी के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।
हादसे के दौरान झूले की ट्रॉली टूटकर गिरने से तीन युवतियां घायल हुई थीं। इनमें विभूतिखंड निवासी निशा, अंकिता और नैसी शामिल थीं। निशा और अंकिता को गंभीर चोटें आई थीं। घायलों का उपचार सुषमा अस्पताल में कराया गया था।
डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा के मुताबिक, कुबेर जी लॉन में सावन महोत्सव के आयोजन की अनुमति कुछ निर्धारित मानकों के साथ दी गई थी। हादसे के बाद सामने आया कि मेला आयोजक और झूला संचालक की ओर से इन मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया था। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और झूले के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठे।
पुलिस के अनुसार, आयोजन स्थल पर झूले के संचालन और सुरक्षा मानकों की निगरानी की जिम्मेदारी से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इसी आधार पर इस्माइलगंज चौकी इंचार्ज के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। विभूतिखंड एसीपी सौम्या पांडे ने जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि मेले को अनुमति देते समय निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कराया गया था या नहीं और हादसे से पहले झूले की सुरक्षा एवं फिटनेस की पर्याप्त जांच हुई थी या नहीं। जांच में चौकी इंचार्ज की लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद नगर निगम की टीम ने भी आयोजन स्थल का निरीक्षण किया था। सामने आया कि मेले में लोगों से टिकट के नाम पर शुल्क लिया जा रहा था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई सवाल खड़े हुए। बाद में घायल किशोरी की मां की तहरीर पर मेला आयोजक और झूला संचालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई ।
इस हादसे ने शहर में लगने वाले मेलों और मनोरंजन स्थलों में सुरक्षा मानकों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच के साथ यह भी तय होगा कि हादसे के लिए कौन-कौन जिम्मेदार था और लापरवाही पाए जाने पर किन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सबसे ज़्यादा पढ़ी गई ख़बरें
प्रदेश के व्यापारियों का 3 सितंबर को होगा जमावाड़ा

फेम इंडिया–एशिया पोस्ट ने जारी की देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की सूची, टॉप 25 होंगे सम्मानित
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम योगी ने सांस्कृतिक कलाकारों को किया सम्मानित, अयोध्या दर्शन के दिए निर्देश
1857 के स्वतंत्रता संग्राम में मऊ के वीरों का योगदान हमारी गौरवशाली विरासत : ए.के. शर्मा
स्कूलों में ताले और शिक्षा बदहाल, क्या इसी खंडहर पर खड़ा होगा 2047 का ‘विकसित भारत’? : संजय सिंह


Leave a Comment
Don't worry! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).