'टैबलेट से फीड नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करो', 46,800 युवाओं को डिवाइस देकर योगी का अखिलेश पर निशाना; बोले- मुंगेरीलाल के सपनों से विकास नहीं होता

गोंडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा से युवाओं को डिजिटल ताकत देने के साथ ही विपक्ष पर सियासी हमला भी बोला। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह (टॉमसन) इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंडल के 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकारों को निशाने पर लेते हुए कहा कि मेनिफेस्टो के नाम पर मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता। इसके लिए समय, समर्पण और विजन चाहिए।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को टैबलेट का इस्तेमाल पढ़ाई, तकनीकी ज्ञान और रोजगार के अवसर तलाशने में करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, 'टैबलेट से फीड नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करिए।' उनके मुताबिक यह डिवाइस युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय साबित हो सकता है और उन्हें डिजिटल उद्यमी बनने की दिशा में आगे बढ़ा सकता है।
सपा सरकार पर 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' का तंज
कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने पिछली सरकारों की उपलब्धि को 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' बताते हुए कहा कि उस समय भू-माफिया, खनन माफिया, शराब माफिया और वन माफिया का प्रभाव था। मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला और दावा किया कि विज्ञापन निकलते ही 'सैफई सिंडिकेट' वसूली के लिए सक्रिय हो जाता था।
योगी ने अपनी सरकार के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि यह संख्या सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकाल में हुई भर्तियों के संयुक्त आंकड़े से दोगुने से भी अधिक है। ये आंकड़े मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में रखे।
'कट्टा-बम से आगे नहीं बढ़ पाई पिछली सरकारों की सोच'
मुख्यमंत्री ने रक्षा उत्पादन और औद्योगिक विकास का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों की सोच कट्टा और बम तक सीमित थी। उनकी सरकार ने अवैध हथियारों के ठिकानों पर कार्रवाई के साथ उत्तर प्रदेश में एके-203 राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण को बढ़ावा दिया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए ब्रह्मोस की क्षमता की भी चर्चा की।
योगी ने नोएडा और यीडा क्षेत्र में निवेश का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश के 55 प्रतिशत मोबाइल और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का उत्पादन प्रदेश में हो रहा है।
46,800 युवाओं को टैबलेट, दूसरे चरण में 1.49 लाख वितरण
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण में प्रदेश के 60 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए। दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट बांटने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके मुकाबले अब तक लगभग 1.49 लाख डिवाइस वितरित किए जा चुके हैं।
देवीपाटन मंडल के चार जिलों गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के विद्यार्थियों को इस चरण में 46,800 टैबलेट दिए गए। मुख्यमंत्री ने मंच से 20 विद्यार्थियों को अपने हाथों से डिवाइस सौंपे।

रील के लिए 30 सेकंड, स्किल के लिए रोज 30 मिनट
युवाओं को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सावधान किया। उन्होंने कहा कि हर वायरल कंटेंट सही नहीं होता, इसलिए किसी भी पोस्ट या वीडियो को साझा करने से पहले उसका फैक्ट चेक जरूर करें। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अपनी क्षमता बढ़ाने का माध्यम बनाएं, उसे अपने दिमाग पर हावी न होने दें।
उन्होंने कहा कि रील देखने के लिए 30 सेकंड दिए जा सकते हैं, लेकिन रोजाना 30 मिनट अपनी स्किल को बेहतर बनाने के लिए जरूर निकालें। मुख्यमंत्री ने 'युवा साथी ऐप' का जिक्र करते हुए बताया कि इस पर 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी उपलब्ध है।
उन्होंने एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से ऐप के माध्यम से ऑनलाइन मतदाता बनने की प्रक्रिया पूरी करने की अपील भी की।
देवीपाटन मंडल के विकास पर 36 हजार करोड़ रुपये का दावा
मुख्यमंत्री ने मंडल में चल रही विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने गोंडा और बहराइच के मेडिकल कॉलेज, बलरामपुर में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, श्रावस्ती एयरपोर्ट और थारू म्यूजियम समेत सड़क व पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को गिनाया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, सांसद करण भूषण सिंह और कई विधायक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि प्रदेश में डिजिटल शिक्षा और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार से युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
गोंडा के इस कार्यक्रम में टैबलेट वितरण के बहाने मुख्यमंत्री ने युवाओं को डिजिटल भविष्य का संदेश दिया, वहीं सपा की पिछली सरकारों को घेरकर 2027 से पहले राजनीतिक बहस को भी धार दी।
लेखक के बारे में
Santosh Kumar Singh
श्री सिंह ‘विजुअल लाइव’ मासिक पत्रिका एवं न्यूज पोर्टल के संपादक के रूप में पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्ष 2004 से उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी सेवाएं देते हुए पत्रकारिता का लंबा अनुभव अर्जित किया है। लखनऊ से प्रकाशित हिन्दी दैनिक राष्ट्रीय सहारा, डेली न्यूज एक्टिविस्ट, राष्ट्रीय स्वरूप और भारत प्रतिदिन सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के लिए उन्होंने रिपोर्टिंग की है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के लखनऊ आगमन से लेकर राजनीति, प्रशासन, जनसरोकार और शहर की महत्वपूर्ण घटनाओं की रिपोर्टिंग में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। श्री सिंह की विशेष रुचि खोजी पत्रकारिता और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल में है। इंटरनेट आधारित शोध, सूचना के स्रोतों की पड़ताल और खबर की बारीकियों तक पहुंचने की उनकी कार्यशैली उन्हें अलग पहचान देती है। बदलते मीडिया परिदृश्य में वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं। पत्रकारिता के साथ उन्हें संगीत और यात्रा में विशेष रुचि है। उनका मानना है कि एक पत्रकार के लिए जिज्ञासा, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और तथ्यों के प्रति ईमानदारी सबसे महत्वपूर्ण गुण हैं। Santosh Kumar Singh की सभी खबरें देखें →
टॉप रीड्स

लखनऊ के सहारा स्टेट में आग से मचा हड़कंप, एक किलोमीटर तक दिखा धुएं का गुबार; दमकल की टीमें मौके पर

'संविधान का नाम, गुंडागर्दी के काम!' अखिलेश पर राजभर का वार, PDA की परिभाषा पर छिड़ी जंग

28 साल का रिश्ता, 28 मिनट की भी नाराजगी नहीं… नरेंद्र श्रीवास्तव को याद कर भावुक हुए पार्षद अरुण राय

अखिलेश को परेशान करने वालों का कद किसने बढ़ाया? आजम खान के एक बयान से सपा-कांग्रेस की सियासत में हलचल

अखिलेश को कांग्रेस से लड़ना है या बीजेपी से? 5 टिकटों पर इमरान मसूद का तीखा हमला, बोले- गठबंधन में सहयोगी होते हैं, भिखारी नहीं

26 सीटों पर सपा का दांव, कांग्रेस की 130 की मांग पर सियासी घमासान! अखिलेश ने दिया गठबंधन का संदेश, इमरान मसूद बोले- 'भीख नहीं मांग रहे'

अखिलेश की सियासी चाय में राजभर ने डाल दी ‘शिवपाल वाली शक्कर’! बोले- चच्चू के 45 विधायक कभी भी पलट सकते हैं खेल!




Leave a Comment
Don't worry! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).