
झूलेलाल जयंती पर सिंधी समाज में उत्साह, महिलाओं की स्कूटर रैली और भव्य आयोजन की तैयारी
लखनऊ | सिंधी समाज में भगवान झूलेलाल जयंती को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जयंती के एक दिन पूर्व सिंधी महिलाओं ने स्कूटर रैली निकालकर भगवान झूलेलाल के जयकारे लगाए और समाज को एकजुटता का संदेश दिया। रैली का संचालन रेनू वरयानी, साक्षी बत्रा और दिव्या रामानी ने किया। महिलाओं ने “जो कहेगा झूलेलाल, उसका होगा बेड़ा पार” के उद्घोष के साथ पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
भगवान झूलेलाल जयंती 20 मार्च को पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाई जाएगी। सुबह से ही सिंधी मंदिरों और गुरुद्वारों में पूजा-अर्चना शुरू हो जाएगी। इस अवसर पर गोमती नदी के घाटों पर नवजात शिशुओं के मुंडन और जनेऊ संस्कार की परंपरा भी निभाई जाएगी।
शहर के सिंधी बाहुल्य क्षेत्रों से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें फूलों की वर्षा के साथ जगह-जगह प्रसाद वितरण किया जाएगा। झूलेलाल वाटिका में भव्य मेले का आयोजन होगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, भक्ति गीत, डांडिया, भांगड़ा और ढोल-नगाड़ों की धुन पर प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 8:30 बजे सामूहिक महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
मेले में भगवान झूलेलाल की विशाल प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रहेगी तथा समाज के कुछ निष्ठावान लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।
चेट्टी चंद मेला समिति के पदाधिकारियों—अशोक मोतियानी, रतन मेघानी, संजय जसवानी, सतेन्द्र भावनानी सहित अन्य सदस्यों ने सभी सिंधी व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों को विशेष छूट प्रदान करें।
इसके साथ ही मेले में यह संकल्प भी लिया जाएगा कि युवा पीढ़ी को सिंधी भाषा सिखाई जाएगी और आयोजन के दौरान अधिक से अधिक संवाद सिंधी भाषा में ही किया जाएगा।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).