
नई दिल्ली में अंकिता सिंह की कला प्रदर्शनी ‘अपवर्ग’ का भव्य शुभारंभ
नई दिल्ली में अंकिता सिंह की कला प्रदर्शनी ‘अपवर्ग’ का भव्य शुभारंभ
नई दिल्ली। राजधानी के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक स्थल बीकानेर हाउस स्थित कलमकार आर्ट गैलरी में सुप्रसिद्ध कला साधक अंकिता सिंह की एकल कला प्रदर्शनी ‘अपवर्ग: ए सेलिब्रेशन ऑफ इनर बैलेंस’ का 10 अप्रैल को गरिमामय वातावरण में शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुजफ्फरनगर से लोकसभा सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने किया।
अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि यह व्यक्ति के जीवन में आंतरिक संतुलन, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाली सशक्त शक्ति है। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियों की सराहना करते हुए कलाकार की सृजनशीलता को प्रेरणादायी बताया।
कला साधक अंकिता सिंह ने बताया कि उनकी कलाकृतियां अवचेतन और पराचेतन के संगम से उत्पन्न ऊर्जा की सृजनात्मक अभिव्यक्ति हैं। इन कृतियों में तम और तेज, निराकार और साकार, तथा द्वैत और अद्वैत जैसे प्रतीत होने वाले विरोधाभासी तत्वों के मध्य संतुलन को दर्शाया गया है, जो दर्शकों को आत्ममंथन और आंतरिक शांति की अनुभूति कराते हैं।
प्रदर्शनी में प्रस्तुत कलाकृतियों के माध्यम से आत्म-अन्वेषण, आंतरिक संतुलन और आध्यात्मिक चेतना के विविध आयामों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया गया है। दर्शकों ने कलाकृतियों की गहराई, संवेदनशीलता और उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना की। यह प्रदर्शनी कला-जगत में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है इस अवसर पर आईआरएस अधिकारी सुदीप डबास, उत्तर प्रदेश सचिवालय के अनुभाग अधिकारी विचित्र वीर सिंह, हरियाणा सरकार के मुख्य अभियंता विशाल बंसल तथा जेडी इंफ्राटेक, फरीदाबाद के चेयरमैन विनय कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला-प्रेमियों ने भी सहभागिता की।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).