
परिवहन, जलकर समस्या को लेकर वित्त मंत्री से मिले बंसल
लखनऊ | परिवहन व्यवसायियों के ऊपर लागू की गई योजना से संबंधित कुछ बिंदुओं पर हो रही कठिनाई तथा जल कनेक्शन के बिना आ रहे लाखों रुपयों के बिल के विषय पर उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना से संदीप बंसल के नेतृत्व में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल मिला।
बंसल ने कहा कि सरकार ने नए परिवहन व्यवसायियों के लिए एकमुश्त कर जमा कराने की जो योजना बनाई है, स्वागत योग्य है परन्तु जो पुराने परिवहन व्यवसायी हैं या जिनके पास एक अथवा दो गाड़ी हैं उनके लिए एक मुश्त पैसा जमा कराना अव्यवहारिक नहीं हो पा रहा है, उनको पुरानी व्यवस्था अथवा तिमाही कर जमा कराने की छूट प्रदान की जाए।
संदीप बंसल ने ये भी बताया कि बिना पानी के कनेक्शन के लाखों रुपये के बिल लखनऊ सहित प्रदेश के कई जनपदों में नगर निगमों नगरपालिकाओं द्वारा भेजे गए हैं जिनको भुगतान किया जाना व्यापारी समाज के लिए संभव नहीं है। इस नियम में परिवर्तन करते हुए व्यापारियों को राहत प्रदान की जाए। तथा अनावश्यक उत्पीड़न से बचाया जाए।
वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने विषय की गंभीरता को समझते हुए तत्काल नगर विकास मंत्री एवं परिवहन मंत्री से वार्ता की। उन्होंने कहा कि प्रयास करके इन विषयों का समाधान कराया जाएगा।
खन्ना जी के साथ वार्ता करने वाले प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल लखनऊ महानगर के अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, महामंत्री अनुज गौतम, उत्तर प्रदेश परिवहन व्यवसायी संघ के अध्यक्ष पीयूष गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल थे।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).