
महाराजा निषाद राज जयंती पर गंगा समग्र का भव्य आयोजन, गोमती आरती व संगोष्ठी सम्पन्न
लखनऊ । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के घटक गंगा समग्र, अवध प्रांत द्वारा जनपद लखनऊ में महाराजा निषाद राज जयंती के पावन अवसर पर मरीन ड्राइव, गोमती रिवर फ्रंट (निकट 1090 चौराहा) पर एक भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सायं 5:00 बजे आरंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं गंगा सेवकों ने सहभागिता की। इस पावन अवसर पर मां गोमती की भव्य आरती संपन्न हुई, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया। आरती के उपरांत आयोजित संगोष्ठी में भगवान श्री राम के परम मित्र एवं सेवक महाराजा निषाद राज के गौरवशाली योगदान का स्मरण किया गया तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया। साथ ही निषाद राज समाज के सम्मान में विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रांतीय संगठन मंत्री लालजी भाई की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने उद्बोधन में गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से इस पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रांतीय गंगा वाहिनी प्रमुख शुभम जी, प्रांत कार्यालय प्रमुख रविकांत जी, उमेश जी,सोनू जी, जिला संयोजक रुद्र जी,तीर्थराज जी, पंकज जी, राहुल जी, आदर्श जी सहित वरिष्ठ समाजसेवी एवं गंगा सेवक धनंजय सिंह राणा जी की विशेष उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने गंगा संरक्षण एवं समाज जागरूकता के प्रति अपने विचार व्यक्त किए और इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल महाराजा निषाद राज के आदर्शों का स्मरण करना था, बल्कि समाज में नदी संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना भी रहा। उपस्थित जनसमूह ने मां गोमती की स्वच्छता एवं संरक्षण हेतु सामूहिक संकल्प लिया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी आगंतुकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरण कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).