
निराला नगर में गूंजी शहनाइयां
व्यापारी सेवा संघ ट्रस्ट ने धूमधाम से संपन्न कराया 15 कन्याओं का सामूहिक विवाह
बेटियों को उपहार में मिले सोने के लॉकेट, टॉप्स और ₹1000 की एफडी
लखनऊ। राजधानी के निराला नगर स्थित अशोक सिंघल पार्क (8 नंबर चौराहा) गुरुवार को मंगल गीतों और उत्साह से सराबोर रहा। अवसर था व्यापारी सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा आयोजित 'चतुर्थ सामूहिक लाडली विवाह उत्सव' का, जहाँ 15 जोड़े वैदिक मंत्रोचार के बीच परिणय सूत्र में बंधे। लाडली विवाह उत्सव का शुभारंभ शाम 4:00 बजे ढलाई घर, डालीगंज से निकली भव्य सामूहिक बारात से हुआ। बैंड-बाजे की धुन पर थिरकते बारातियों का स्वागत विवाह स्थल पर पुष्प वर्षा के साथ किया गया। इसके बाद अध्यक्ष गोविंद कृष्ण अग्रवाल 'पप्पू बोरा' की अगुवाई में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सभी जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। ट्रस्ट के संस्थापक व अध्यक्ष गोविंद कृष्ण अग्रवाल 'पप्पू बोरा' ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल विवाह कराना ही नहीं, बल्कि बेटियों को एक नई शुरुआत के लिए संबल देना है। उन्होंने कहा, "हमने गृहस्थी के आवश्यक सामान के साथ-साथ प्रत्येक कन्या को सोने का लॉकेट, टॉप्स और एक हजार रुपये की एफडी भेंट की है, ताकि उनके नए जीवन की नींव मजबूत हो।" मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य संरक्षक त्रिलोकी चंद्र अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष लखनऊ बार एसोसिएशन गोविंद नारायण शुक्ला 'चच्चू', मुकेश मर्चेंट, नमन सरावगी, पार्षद पृथ्वी गुप्ता और मुकेश गुप्ता सहित शहर के कई प्रतिष्ठित व्यापारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
- विवाह सूत्र में बंधे जोड़े
मीडिया प्रभारी पारस जैन (एडवोकेट) ने बताया कि उत्सव में पलक-विशाल, शिवांगी-कृष्णा, सोनिका-रंजीत, अंशु-आकाश लाल, वंदना-अनुज कुमार, सीमा-अंकुल, मुस्कान-सत्यम, श्रेया-निर्भय, आंचल-ओम, नैंसी-आनंद कुमार, रश्मि-चंदन, रूचि-गोविंद, सोनम-सूरज, प्रीति-राहुल और अनुष्का-निखिल का विवाह संपन्न हुआ। शुक्रवार को सभी नवविवाहित जोड़ों की भावपूर्ण विदाई की जाएगी।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).