त्योहारों में खलल डालने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई, योगी सरकार का सख्त संदेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी पर्व और त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए योगी सरकार ने प्रशासन और पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा है कि उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अराजक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली, पेयजल और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर 24 घंटे पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने और भड़काऊ बयानबाजी के जरिए सामाजिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए।
त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद या अप्रिय घटना को रोकने के लिए शासन से लेकर तहसील और थाना स्तर तक कानून-व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बाजारों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ेगी सुरक्षा
धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में 24 घंटे पुलिस निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। संवेदनशील धार्मिक स्थलों और प्रमुख मंदिरों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
मुख्यमंत्री ने सघन पैदल गश्त कराने, सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और पीआरवी-112 को लगातार मुस्तैद रखने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने को कहा गया है।
7 नवंबर को अयोध्या में दीपोत्सव, यातायात का बनेगा प्लान
अयोध्या में 7 नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव की तैयारियों की भी मुख्यमंत्री ने समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अंतरजनपदीय और स्थानीय यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पहले से रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने और इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने को कहा। प्रतिमा स्थापना सहित धार्मिक आयोजनों के लिए नियमानुसार समय पर अनुमति देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
खुले स्थानों पर ही बिकेंगे पटाखे
पटाखों की बिक्री और अग्निसुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष सावधानी बरतने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि पटाखों की दुकानें केवल खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही लगाई जाएं। अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर बनाए जाएं।
इसके लिए एनओसी और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त फायर टेंडर और जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सफाई, बिजली और पेयजल व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने नगर विकास और पंचायती राज विभाग को मलिन बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक विशेष सफाई और प्रकाश व्यवस्था अभियान चलाने को कहा है। नियमित सैनिटाइजेशन और एंटी लार्वा फॉगिंग कराने के साथ जलभराव, कूड़े के ढेर और सड़कों के गड्ढों की समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहारों के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसें चलाने और अनफिट तथा डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निजी बस संचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायत मिलने पर भी दंडात्मक कार्रवाई होगी।
खाद की कालाबाजारी करने वालों पर FIR के निर्देश
कानून-व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों के साथ मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं की भी समीक्षा की। यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता तथा वितरण में अनियमितताओं को लेकर उन्होंने कई जिलों के अधिकारियों से जवाबदेही तय करने को कहा।
गाजीपुर, बलिया, बहराइच, बिजनौर, अंबेडकरनगर, सुलतानपुर और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में खाद की उपलब्धता को लेकर सामने आई समस्याओं पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि खाद की जमाखोरी, कृत्रिम संकट पैदा करने और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
धान क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी उपज की पारदर्शी तरीके से तौल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कर्मचारियों और पेंशनरों को भी राहत के निर्देश
मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय त्योहार से पहले उनके खातों में भेजने को कहा। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लेखक के बारे में
Syed Fiza Khatoon
सैयद फ़िज़ा खातून ‘विजुअल लाइव’ की तकनीकी एवं डिजिटल टीम की महत्वपूर्ण सदस्य हैं। वर्ष 2014 में स्नातक की शिक्षा पूरी करने के बाद से उन्होंने मीडिया के तकनीकी और डिजिटल कार्यों में अपनी दक्षता विकसित की है। न्यूज के लेआउट और प्रस्तुतीकरण, कंटेंट के डिजिटल प्रसारण तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खबरों के अपडेट में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। खबर को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने से लेकर उसके डिजिटल वितरण तक वह जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करती हैं। सौम्य और मिलनसार स्वभाव के साथ नई तकनीकों और बदलते डिजिटल मीडिया को सीखने की निरंतर ललक उनकी कार्यशैली की खास पहचान है। टीम के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करना और हर कार्य में कुछ नया सीखना उनकी पेशेवर सोच को दर्शाता है। डिजिटल पत्रकारिता के तेजी से बदलते दौर में तकनीकी समझ और रचनात्मक सोच के साथ सटीक, आकर्षक और प्रभावी न्यूज प्रस्तुतीकरण* में उनका योगदान ‘विजुअल लाइव’ की डिजिटल टीम को मजबूती प्रदान करता है। Syed Fiza Khatoon की सभी खबरें देखें →
संबंधित लेख

किसानों और महिलाओं के लिए जल्द आएगा विशेष पैकेज, तीन करोड़ किसान परिवारों को मिलेगी राहत: योगी

लखनऊ में भाजपा की बड़ी पदयात्रा आज, शिवराज सिंह चौहान समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल

दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त सिलेंडर, योगी सरकार ने खोला ₹2,142 करोड़ का बजट

अवध बार एसोसिएशन चुनाव में जीसी वर्मा अध्यक्ष निर्वाचित, कुलदीप पति त्रिपाठी को 57 वोटों से हराया
टॉप रीड्स

यूपी चुनाव 2027 : यूपी में बीजेपी के 120 विधायकों के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की सीट पर भी खतरे के संकेत

सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र में 1.30 करोड़ से होगा अंबेडकर व रविदास मंदिरों का सुंदरीकरण

किसानों और महिलाओं के लिए जल्द आएगा विशेष पैकेज, तीन करोड़ किसान परिवारों को मिलेगी राहत: योगी

2027 के चुनाव में अखिलेश नहीं आजमाएंगे विधानसभा की किस्मत, वाराणसी में किया बड़ा ऐलान

तेहरान की सड़कों पर ट्रंप के खिलाफ खुली धमकी, होर्डिंग में नेतन्याहू भी निशाने पर; ईरान में बढ़ा अमेरिका-विरोधी प्रदर्शन

2027 चुनाव से पहले AAP में बड़ी टूट, तीन विधायकों ने बीजेपी का दामन थामा

अखिलेश के वाराणसी दौरे पर ओम प्रकाश राजभर का तंज भरा सोशल मीडिया पोस्ट




Leave a Comment
Don't worry! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).