मऊ को 5.31 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, तीन घाटों और रामलीला मैदान का हुआ कायाकल्प

मऊ । नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ को 5.31 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। मंत्री ने तीन महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया, जिनमें मड़ैया घाट का नवनिर्माण, विसर्जन घाट का निर्माण और रामलीला मैदान में इंटरलॉकिंग व सौंदर्यीकरण शामिल हैं। इस मौके पर उन्होंने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का विवरण जनता के सामने रखा और विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया।
मंत्री ए.के. शर्मा ने रविवार देर रात आयोजित कार्यक्रम में मऊवासियों को परियोजनाओं की बधाई देते हुए कहा कि घाटों का विकास केवल निर्माण कार्य नहीं है, बल्कि धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का प्रयास भी है। उन्होंने कहा कि मऊ को विकास के नए मॉडल के रूप में स्थापित करना उनका संकल्प है और जनता के सहयोग से क्षेत्र में बदलाव के प्रयास किए जा रहे हैं।
तीन परियोजनाओं पर खर्च हुए 531.5 लाख रुपये
लोकार्पित परियोजनाओं में 260.27 लाख रुपये की लागत से मड़ैया घाट का नवनिर्माण कराया गया है। वहीं मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत 247.42 लाख रुपये की लागत से विसर्जन घाट का निर्माण कराया गया। इसके अलावा 23.81 लाख रुपये खर्च कर रामलीला मैदान में इंटरलॉकिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कराया गया है।
इन तीनों परियोजनाओं की कुल लागत 531.5 लाख रुपये यानी करीब 5.31 करोड़ रुपये है। इन कार्यों से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होने की उम्मीद है।

पांच साल के कामकाज का जनता के सामने रखा लेखा-जोखा
कार्यक्रम में मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में मऊ में कराए गए विकास कार्यों का विवरण विकास पुस्तिका के माध्यम से प्रस्तुत किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पुस्तिका का विमोचन किया। मंत्री ने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका हिसाब देना भी उनका दायित्व है।
उन्होंने बताया कि वह प्रत्येक वर्ष 26 जनवरी को भी अपने कार्यों का विवरण जनता के सामने रखते रहे हैं। विकास पुस्तिका को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की बात कहते हुए उन्होंने लोगों से सुझाव भी आमंत्रित किए।
मऊ महादेव घाट को बताया सामूहिक विरासत
मंत्री ने मऊ महादेव घाट के विकास का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण जनसहयोग और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से कराया गया है। उन्होंने कहा कि घाट पर किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिखवाया गया, क्योंकि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे मऊ के लोगों की साझा विरासत है।
उनके मुताबिक, घाट का विकास भगवान महादेव के प्रति आस्था और सेवा की भावना से प्रेरित होकर किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर की पहचान केवल सड़कों और इमारतों से नहीं, बल्कि वहां की परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक चेतना से भी बनती है।
सांस्कृतिक संध्या में छठ गीत और राधा-कृष्ण नृत्य ने बांधा समां
विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के साथ सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया। अलका पहाड़िया की टीम ने छठ गीतों और अन्य मधुर गीतों की प्रस्तुतियां दीं। वहीं मथुरा से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण नृत्य और फूलों की होली की प्रस्तुति देकर ब्रज संस्कृति की झलक दिखाई।
कार्यक्रम का संचालन विनीता जौहरी ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।
लेखक के बारे में
Ashutosh Kumar Sharma
मूल रूप से वाराणसी, उत्तर प्रदेश के रहने वाले आशुतोष कुमार शर्मा पेशे से स्कूल प्रधानाचार्य हैं। पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र से जुड़े श्री शर्मा की डिजिटल मीडिया, नई तकनीकों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स में विशेष रुचि है। उनका मानना है कि तकनीक और मीडिया का समन्वय ही भविष्य की पत्रकारिता की दिशा तय करेगा। मीडिया को समाज का चौथा स्तंभ मानते हुए वे सच्चाई, तथ्यपरकता और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। Ashutosh Kumar Sharma की सभी खबरें देखें →
टॉप रीड्स

बेमौसम बारिश से किसानों की फसल बर्बाद, सांसद रमाशंकर राजभर ने मांगा मुआवजा

बलिया के डॉ. विनय यादव का केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में चयन, सहायक प्राध्यापक बनकर बढ़ाया जिले का मान

खादी कारीगरों की समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र सरकार ने उठाए कदम: जीतन राम मांझी

एक कानून, सभी नागरिक: UCC लागू होने पर बदलेंगे शादी, तलाक और संपत्ति से जुड़े नियम

योगी आदित्यनाथ देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री, पुष्कर सिंह धामी दूसरे और हिमंत बिस्वा सरमा तीसरे स्थान पर

यूपी में तीसरी बार सरकार बनाओ, UCC लागू करेंगे… अमित शाह ने 2027 के लिए भरी हुंकार, 312 सीटों का लक्ष्य

पत्रकार से बने हजारों करोड़ के कारोबारी, आरके सिन्हा के निधन से शोक की लहर




Leave a Comment
Don't worry! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).