
देशभर में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य और सुचारु ः इंडियन आयल
लखनऊ। तेल व गैस क्षेत्र की सबसे बडी कंपनी इंडियन आयल कारपोरेशन ने गैस की किल्लत को लेकर लोगो मे चल रही चर्चचा के बीच जारी बयान मे कहा कि देश में चल रहे वैश्विक भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बावजूद भारत में एलपीजी की आपूर्ति पूर्णतः स्थिर, पर्याप्त और सतत निगरानी में है। घरेलू एलपीजी आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
इंडियनऑयल द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 28 लाख एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है, जो मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों से पूर्व के सामान्य स्तर के अनुरूप है।
ग्राहकों को एलपीजी रिफिल बुकिंग हेतु एसएमएस और आईवीआरएस जैसे डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 87% बुकिंग डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त हो रही हैं। डिलीवरी के दौरान यह सुनिश्चित करने के लिए कि सिलेंडर सही उपभोक्ता तक पहुंचे, डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी ओटीपी) का उपयोग किया जा रहा है।
इंडियनऑयल अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्राप्त उपभोक्ताओं की शिकायतों और सुझावों पर सक्रिय रूप से ध्यान दे रहा है और उनके त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इंडेन उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे शीघ्र सहायता हेतु indanecareho@indianoil.in पर संपर्क करें।
कुछ एलपीजी वितरकों द्वारा अनियमितताओं की शिकायतें सोशल मीडिया और उपभोक्ता शिकायतों के माध्यम से संज्ञान में आई हैं। कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा एलपीजी वितरकों के यहां आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं। अब तक 7,500 से अधिक निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें 141 वितरकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, जिसमें 5 वितरकों का निलंबन भी शामिल है। इसके अतिरिक्त, प्रमुख प्रदर्शन मानकों के आधार पर डेटा विश्लेषण का उपयोग कर आगे की जांच के लिए मामलों की पहचान की जा रही है।
इंडियनऑयल अन्य तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न राज्य सरकारों के सहयोग से कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए कार्य कर रहा है। अब तक 67,822 छापे मारे जा चुके हैं, 855 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं तथा 48,000 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
इंडियनऑयल सभी एलपीजी उपभोक्ताओं को आश्वस्त करता है कि देश में एलपीजी की आपूर्ति पर्याप्त और सुचारु है तथा किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे एलपीजी एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और न ही घबराकर सिलेंडरों की बुकिंग या भंडारण करें। साथ ही, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।
इंडियनऑयल एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता, वितरण में पारदर्शिता तथा अनियमितताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).