
यूपी के एक्सप्रेसवे टोल में बढ़ोतरी, 1 अप्रैल से लागू नई दरें
लखनऊ | उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब ज्यादा टोल देना होगा। प्रदेश के चार प्रमुख एक्सप्रेसवे—आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल, बुन्देलखण्ड और गोरखपुर लिंक—पर वर्ष 2026-27 के लिए नई टोल दरें लागू कर दी गई हैं। ये दरें 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो चुकी हैं।
यूपीडा की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सभी श्रेणी के वाहनों के टोल में करीब 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। यह वृद्धि महंगाई और एक्सप्रेसवे के रखरखाव की बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए की गई है।
नई दरों के तहत पूरे रूट (पहले टोल से अंतिम टोल तक) के लिए एक फेरा टोल निर्धारित किया गया है।
दो और तीन पहिया वाहनों के लिए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 335 रुपये, पूर्वांचल पर 350 रुपये, बुन्देलखण्ड पर 315 रुपये और गोरखपुर लिंक पर 145 रुपये टोल तय किया गया है।
कार और अन्य मोटर वाहनों के लिए यह दरें क्रमशः 675, 700, 635 और 295 रुपये होंगी।
वहीं हल्के व्यावसायिक वाहन, मिनी बस आदि के लिए 1065 से 1105 रुपये तक टोल देना होगा।
बस और ट्रक चालकों को आगरा-लखनऊ पर 2150 रुपये, पूर्वांचल पर 2240 रुपये, बुन्देलखण्ड पर 2025 रुपये और गोरखपुर लिंक पर 845 रुपये टोल चुकाना होगा।
भारी निर्माण मशीन और बहुधुरीय वाहनों के लिए टोल दरें 3290 से 3430 रुपये तक निर्धारित की गई हैं, जबकि 7 या उससे अधिक धुरी वाले ओवरसाइज्ड वाहनों को सबसे अधिक टोल देना होगा, जो 4230 से 4400 रुपये तक है।
नई टोल दरों से लाखों वाहन चालक, व्यापारी और यात्री सीधे प्रभावित होंगे।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).