
पिपराइच में गरजे लोकदल के चौधरी सुनील सिंह
लोकदल बनेगा किसान, मजदूर और युवाओं की आवाज़
लखनऊ। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने डिफेंस गार्डन, बेला, पिपराइच (गोरखपुर) में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं जनसभा को संबोधित करते हुए किसानों, मजदूरों, युवाओं और गोरखपुर की स्थानीय समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि देश का किसान, मजदूर और युवा आज गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है और लोकदल भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के किसान हितैषी विचारों के अनुरूप उनके अधिकारों की लड़ाई निरंतर लड़ता रहा है। चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि देश के अनेक किसान संगठन इंडो यूएस ट्रेड डील के संभावित प्रभावों को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी देने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि कृषि और किसान की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गांवों का मजदूर बढ़ती महंगाई, सीमित रोजगार के अवसर और आजीविका की कठिनाइयों से परेशान है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा श्रमिकों और गरीब परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
गोरखपुर की स्थानीय समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसान आज भी लाभकारी मूल्य, समय पर खाद-बीज, सिंचाई की समुचित व्यवस्था, छुट्टा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, बाढ़ एवं जलभराव की स्थायी समस्या, युवाओं के रोजगार, जर्जर सड़कों, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि ईमानदार और प्रभावी कार्यवाही से ही संभव है।
अपने संबोधन में उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि किसान, मजदूर, युवा, व्यापारी और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ लड़ी जाए। उन्होंने कहा कि लोकदल जनहित के प्रत्येक मुद्दे पर जनता के साथ खड़ा है और आगे भी उनकी आवाज़ बुलंद करता रहेगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ लोकदल नेता ओंकार नाथ यादव, डॉ. रामकिशुन नेता सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).