
भूतनाथ मार्केट में जल्द बनेगा पब्लिक टॉयलेट: महापौर
लखनऊ। भूतनाथ मार्केट में पब्लिक टॉयलेट की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के तत्वाधान में प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में भूतनाथ के व्यापारियों ने महापौर सुषमा खर्कवाल से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों की ओर से भूतनाथ आदर्श व्यापार मंडल के चेयरमैन कमल अग्रवाल ने बताया कि मार्केट में पब्लिक टॉयलेट की व्यवस्था न होने से व्यापारियों और ग्राहकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से महिला व्यापारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में आने वाली महिला ग्राहकों के लिए यह समस्या अधिक गंभीर है।
उन्होंने कहा कि टॉयलेट सुविधा के अभाव में महिलाओं को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जिससे बाजार की व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इस मुद्दे को लेकर व्यापारियों ने महापौर को लिखित ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि भूतनाथ मार्केट में जल्द ही महिलाओं और पुरुषों दोनों के लिए पब्लिक टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए इस दिशा में तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
व्यापारियों ने महापौर के आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई है।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).