
श्रीराम जन्मभूमि परिसर के मां दुर्गा मंदिर में 29 मई के धर्म ध्वजारोहण अनुष्ठान हेतु सपना गोयल को आमंत्रण
- इस आयोजन को मातृशक्ति के नाम समर्पित किया गया है
- सुंदरकांड महा अभियान भारत वर्ष की बने पहचान” की वैश्विक संयोजिका हैं सनातन ध्वज वाहिका सपना गोयल
लखनऊ। अयोध्या जी तीर्थ के राम जन्मभूमि परिसर में निर्मित मां दुर्गा मंदिर पर धर्म ध्वजा का आरोहण 29 मई को किया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस आयोजन को, मातृशक्ति के नाम समर्पित किया है। ऐसे पावन अवसर पर स्थानीय सनातन ध्वजवाहिका सपना गोयल जी को “सुंदरकांड महा अभियान भारत वर्ष की बने पहचान” के व्यापक आन्दोलन के प्रमुख के रूप में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
सपना गोयल का एक मात्र लक्ष्य है कि संतों और ऋषियों की पावन भूमि, “भारत” एक बार पुन: “विश्व गुरु” के रूप में प्रतिष्ठित हो। भारत उत्थान के इस महा उद्देश्य की पूर्ति के लिए “ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति” की ओर से प्रतिदिन सुंदरकांड पाठ के साथ प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शनिवार को नजदीकी मंदिरों में सामूहिक सुंदरकांड का आयोजन, करवाया जा रहा है। बिना किसी सरकारी या निजी सहयोग के 10 मार्च 2024 को महिला दिवस के उपलक्ष्य में सपना गोयल की अगुआई में पांच हजार से अधिक महिलाओं ने लखनऊ के झूलेलाल घाट पर सामूहिक सुंदरकांड का भव्य अनुष्ठान किया था। इस क्रम में 23 जून 2024 को पावन तीर्थ नैमिषारण्य में भव्य सामूहिक सुंदरकांड महायज्ञ का आयोजन करवाया गया था। उसमें पांच हजार महिलाओं को इस अनुष्ठान में शामिल करवाया गया था। सपना गोयल की अगुआई में बिना किसी सरकारी मदद के रात-दिन की यात्रा करके उत्तर प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में बड़े स्तर पर सुंदरकांड महायज्ञ सम्पन्न करवाए जा चुके हैं। इस महा तीर्थाटन अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड कोटद्वार के प्राचीन सिद्धबली मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, हर की पौड़ी हरिद्वार, रुड़की महादेव मंदिर, चित्रकूट के पावन तीर्थ परिसर रामघाट, प्रयागराज के लेटे हुए हनुमान मंदिर एवं कानपुर के आनंदेश्वर महादेव मंदिर के गंगाजी घाट परिसर में भी भव्य सुंदरकाण्ड का पाठ सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। मथुरा स्थित भगवान कृष्ण जन्मस्थली मंदिर परिसर में भी डेढ़ हजार से अधिक मातृशक्तियों ने सामूहिक सुन्दरकांड का पाठ किया था। बीते साल 11 सितम्बर से अयोध्या तीर्थ में प्रभु राम जी के जन्मभूमि परिसर में भी, मासिक सुंदरकांड पाठ का सिलसिला शुरू हो गया है। इस क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 11 हजार महिलाओं का सामूहिक सुंदरकांड का पाठ प्रस्तावित है। सपना गोयल के अनुसार सुंदरकांड महा अभियान उत्तर प्रदेश के 42 जिलों और देश के 10 राज्यों तक पहुंच चुका है। दूसरी ओर “सेवा परमो धर्म:” को बीज मंत्र मानते हुए दरिद्र नारायण की सेवा के भाव से जाड़ों में कम्बल वितरण और विभिन्न पावन अवसरों पर भंडारों का आयोजन भी किया जा रहा है।
दुर्गा मंदिर पर धर्म ध्वजा के आरोहण अनुष्ठान में 29 मई को मुख्य अतिथि साध्वी ऋतंभरा होंगी। वहां 3500 से अधिक महिलाओं की उपस्थिति में धर्म ध्वजा के आरोहण का अनुष्ठान सम्पन्न किया जाएगा। इनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी, सनातन मातृशक्तियां और भाजपा सहित अन्य महिला संगठनों की वरिष्ठ पदाधिकारियों को सादर आमंत्रित किया गया है। शाम छह बजे होने वाले ध्वजारोहण अनुष्ठान के उपरांत सभी अतिथियों को रामलला और राम परिवार के पावन दर्शन भी करवाए जाएंगे। राम जन्मभूमि परिसर में प्रथम देव गणेश, महादेव, मां अन्नपूर्णा, सूर्य देव, राम भक्त हनुमान के मंदिरों का ध्वजारोहण विभिन्न तिथियों पर संपन्न हो चुका है। अब परकोटे के उत्तरी-पश्चिमी कोण पर बने दुर्गा मंदिर का ध्वजारोहण 29 मई को होने जा रहा है। यह परकोटे का आखिरी और परिसर का छठा पूरक मंदिर होगा। सातवें यानी शेषावतार मंदिर पर भी 23 जून को ध्वजारोहण होना प्रस्तावित है। आमंत्रित की जा रहीं महिलाओं में परिसर में कार्यरत सुरक्षा एजेंसियों जैसे पुलिस, पीएसी, एसएसएफ, सीआरपीएफ, एलआइयू आदि, राम मंदिर ट्रस्ट और कार्यदायी एजेंसियों जैसे कि एलएंडटी, टीसीई, यूपीआरएनएन, ईआइएल की अधिकारी एवं कर्मी भी शामिल किये गए हैं। विशिष्ट अतिथियों में फतेहपुर की सांसद व राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति, विहिप की केंद्रीय मंत्री व मातृ शक्ति की अखिल भारतीय संयोजिका मीनाक्षी ताई पिश्वे, दुर्गा वाहिनी की राष्ट्रीय संयोजिका प्रज्ञा महाला, राष्ट्रीय सह संयोजिका पिंकी पवार, प्रांतीय संयोजिका अवनी राजपूत, मातृशक्ति की प्रांतीय संयोजिका सीमा जादौन व सरिता यादव सहित अन्य को आमंत्रित किया गया है।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).