
जेवर एयरपोर्ट की पहली उड़ान में किसानों को सम्मान देने की मांग
लखनऊ : जेवर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की पहली उड़ान के अवसर पर क्षेत्र के किसानों को विशेष रूप से सम्मानित करने का आग्रह किया है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा कि जेवर एयरपोर्ट केवल एक बुनियादी ढांचा परियोजना नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के विकास का प्रतीक है, जो आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करता है। उन्होंने उल्लेख किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार करने में जेवर क्षेत्र के किसानों की अहम भूमिका रही है, जिन्होंने अपनी पीढ़ियों से जुड़ी भूमि राष्ट्रहित में समर्पित की।
धीरेंद्र सिंह ने सुझाव दिया कि एयरपोर्ट की पहली उड़ान के दौरान उन किसानों को आमंत्रित कर उसी विमान में यात्रा का अवसर दिया जाए, जिन्होंने अपनी जमीन इस परियोजना के लिए दी है। साथ ही उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि लखनऊ पहुंचने पर मुख्यमंत्री स्वयं इन किसानों से संवाद करें।
विधायक ने कहा कि यह पहल किसानों के योगदान का सम्मान करने के साथ-साथ प्रदेश में विकास के प्रति विश्वास और सहभागिता को मजबूत करेगी। उन्होंने इसे सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास की भावना को सुदृढ़ करने वाला कदम बताया।
उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने की अपील की है।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).