
सीएम योगी से मिले स्केटिंग खिलाड़ी, जनेश्वर मिश्र पार्क ट्रैक के लिए जताया आभार
लखनऊ : योगी आदित्यनाथ से आज जेवर विधानसभा के विधायक धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में स्केटिंग खिलाड़ियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात मुख्यमंत्री के 5 कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर हुई, जहां बच्चों ने जनेश्वर मिश्र पार्क में बने आधुनिक स्केटिंग ट्रैक के निर्माण के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल में भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तवर भाटी सहित दो दर्जन से अधिक युवा स्केटिंग खिलाड़ी शामिल थे। बच्चों ने बताया कि पहले उन्हें जर्जर सड़कों पर अभ्यास करना पड़ता था, जिससे चोट का खतरा बना रहता था, लेकिन अब आधुनिक और सुरक्षित ट्रैक मिलने से उनके खेल कौशल को निखारने का बेहतर अवसर मिला है। विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह निर्णय प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री ने तुरंत सकारात्मक पहल की थी, जिसका परिणाम आज आधुनिक स्केटिंग ट्रैक के रूप में सामने है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर अभ्यास करने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि 09 अप्रैल 2026 को जनेश्वर मिश्र पार्क में लगभग 200 मीटर लंबे स्केटिंग ट्रैक का शुभारंभ किया गया था, जिसका निर्माण करीब 45 लाख रुपये की लागत से हुआ है। इसके अलावा पार्क में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से क्रिकेट ग्राउंड, फुटबॉल फील्ड, लॉन टेनिस कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, पैडल बॉल कोर्ट, जिम, फिजियोथेरेपी सेंटर और कैफेटेरिया सहित कई आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
इस दौरान खिलाड़ियों, कोच और खेल विशेषज्ञों ने बेहतर सुविधाओं को खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए सरकार के प्रयासों की सराहना की।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).