
कुकरैल में श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य शिविर व सम्मान समारोह आयोजित
डीएफओ सितांशु पाण्डेय ने श्रमिकों को किया सम्मानित
लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर अवध वन प्रभाग, लखनऊ द्वारा कुकरैल रेंज स्थित “मौलश्री” प्रेक्षागृह में श्रमिक सम्मान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अगुवाई प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) श्री सितांशु पाण्डेय ने की, जिनकी पहल पर श्रमिकों के स्वास्थ्य और सम्मान को केंद्र में रखते हुए यह आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डीएफओ सितांशु पाण्डेय ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वन विभाग की रीढ़ श्रमिक ही हैं, जिनके परिश्रम से संरक्षण और विकास के लक्ष्य पूरे होते हैं। उन्होंने श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल को अत्यंत आवश्यक बताया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों को मेटल टिफिन बॉक्स, स्टील बॉटल और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस शिविर में प्लेटोन्स हेल्थकेयर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने श्रमिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में रक्तचाप, शुगर, नेत्र परीक्षण सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। जरूरतमंद श्रमिकों को नि:शुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
चिकित्सक दल में डॉ. चेतन शर्मा, डॉ. अंजली सिन्हा, डॉ. शशांक कुमार, डॉ. गोविंद प्रताप सिंह और डॉ. प्रेरणा प्रियदर्शिनी ने सेवाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वन विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
डीएफओ सितांशु पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रमिकों के सम्मान और उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी संदेश दिया। अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).