
बड़ा मंगल पर स्वच्छता का संदेश, लखनऊ में उतरे ‘मंगल दूत’
लखनऊ । राजधानी लखनऊ में बड़ा मंगल के पहले अवसर पर भक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का अनोखा संगम देखने को मिला। ‘मंगलमान अभियान’ के तहत शहर के पांच प्रमुख स्थानों—हजरतगंज, आलमबाग और राम-राम बैंक चौराहे सहित—पर सायं 5 बजे से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस अभियान का उद्देश्य भंडारों के दौरान फैलने वाली गंदगी को रोकना और श्रद्धालुओं के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
हजरतगंज क्षेत्र में श्री गोपाल आर्य के मार्गदर्शन में GPO से साहू चौराहे तक सफाई अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों और NCC कैडेट्स ने भंडारा स्थलों पर जाकर लोगों से पत्तल-दोने इधर-उधर न फेंकने और ध्वनि प्रदूषण कम रखने की अपील की।
वहीं आलमबाग चौराहे पर पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान को गति मिली। यहां व्यापारियों और भंडारा आयोजकों को ‘स्वच्छ बड़ा मंगल’ का संदेश दिया गया।
उत्तरी लखनऊ के राम-राम बैंक चौराहे पर भी युवाओं और स्वयंसेवकों ने नगर निगम के सहयोग से सफाई अभियान चलाकर लोगों को कचरा न फैलाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान “प्रसाद का सम्मान ही हनुमान का सम्मान है” संदेश को प्रमुखता से प्रचारित किया गया। सड़कों पर सफाई करते स्वयंसेवकों को देखकर आम नागरिकों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा और कई लोगों ने डस्टबिन के उपयोग का संकल्प लिया।
यह पहल दिखाती है कि यदि आस्था के साथ स्वच्छता और अनुशासन जुड़ जाए, तो लखनऊ एक स्वच्छ और आदर्श आध्यात्मिक नगर के रूप में नई पहचान बना सकता है।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).