
सुनैना चौधरी ने महिलाओं को किया सम्मानित
महिला दिवस पर कुकरैल में आयोजित हुआ कार्यक्रम
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अवध वन प्रभाग, लखनऊ द्वारा कुकरेल रेंज में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेविका एवं उद्यमी सुनैना चौधरी रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा सिंदूर के पौधे का रोपण कर की गई। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में डीएफओ लखनऊ सितांशु पाण्डेय, क्षेत्रीय वन अधिकारी संजय मिश्रा, अतिजीत जोशी सहित शहरी रेंज एवं अवैध वन प्रभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिला श्रमिकों एवं वन विभाग के कर्मचारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
इस दौरान सुनैना चौधरी और अवैध वन प्रभाग द्वारा उन महिला श्रमिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जो पौधशालाओं में कार्य करते हुए वृक्षारोपण, पौधों के संरक्षण तथा वन एवं पर्यावरण की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इन महिलाओं के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सुनैना चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं और समाज के विकास में उनकी भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रकृति के संवर्धन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। साथ ही महिला सशक्तिकरण पर भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के संकल्प “पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण” को साकार करने का आह्वान किया गया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश भी दिया गया। अवैध वन प्रभाग, लखनऊ द्वारा इस अवसर पर सभी रेंजों में कार्यरत महिला श्रमिकों के योगदान को सराहा गया और उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).