
प्रतिबंधित मांझे का प्रयोग न करने का लिया प्रण
चौक कोतवाली में हुई नागरिकों, पतंग प्रेमियों और पुलिस की बैठक
लखनऊ। गुरुवार को डी सी पी पश्चिप की अध्यक्षता में चौक कोतवाली, लखनऊ परिसर में जनसुरक्षा से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सी ओ चौक, सी ओ बाजारखाला लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, चौक क्षेत्र के पार्षद एवं लखनऊ व्यापार मंडल के महामंत्री अनुराग मिश्रा, पतंग एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, विभिन्न सामाजिक एवं क्लब संगठनों के प्रतिनिधि तथा क्षेत्रीय पतंग प्रेमी नागरिकगण उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य धारदार/प्रतिबंधित मांझे के उपयोग से उत्पन्न हो रही दुर्घटनाओं एवं जनहानि की संभावनाओं की रोकथाम करना था। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम),उपस्थित पतंग उड़ाने वाले नागरिक एवं पतंग विक्रेताओं तथा नागरिकों को सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण दिलाई कि आज से किसी भी प्रकार के धारदार अथवा प्रतिबंधित मांझे का प्रयोग नहीं करेंगे। एवं सभी पतंग प्रेमियों ने अपनी स्वेच्छा से अपने पास उपलब्ध ऐसे मांझे को पुलिस प्रशासन के समक्ष जमा कराया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि धारदार एवं प्रतिबंधित मांझे का प्रयोग विधि विरुद्ध होने के साथ-साथ जनसुरक्षा के लिए अत्यंत घातक है। इसके कारण पूर्व में अनेक दुर्घटनाएँ घटित हो चुकी हैं, जिनमें आम नागरिकों, दोपहिया वाहन चालकों तथा पक्षियों को गंभीर क्षति पहुँची है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से अवगत कराया कि शासन एवं प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित मांझे के क्रय-विक्रय एवं उपयोग पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई का प्रावधान है। अतः किसी भी व्यक्ति द्वारा ऐसे मांझे का उपयोग अथवा भंडारण किए जाने पर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस उपायुक्त महोदय ने उपस्थित नागरिकों द्वारा स्वेच्छा से धारदार मांझा जमा कराने की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश देगी तथा जनसुरक्षा की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण सिद्ध होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे कानून का पालन करें, जागरूकता फैलाएँ तथा सुरक्षित एवं अनुमन्य सामग्री का ही उपयोग करें, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने अपने वक्तव्य में कहा कि —“जनसुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी प्रकार का मनोरंजन तब तक उचित है जब तक उससे किसी अन्य व्यक्ति के जीवन एवं सुरक्षा को खतरा न उत्पन्न हो। हम सभी की नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है कि प्रतिबंधित मांझे का पूर्णतः बहिष्कार करें और प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए सुरक्षित विकल्पों को अपनाएं।” पार्षद एवंलखनऊ व्यापार मंडल के महामंत्री अनुराग मिश्र ने नागरिकों से अपील की कि वे जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित करें तथा सुरक्षित एवं साधारण धागे का ही उपयोग करें।सभी उपस्थितजनों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).