
खेल बना बदलाव का माध्यम: परिवारों संग विज्ञान फाउंडेशन की अनूठी पहल
लखनऊ। विज्ञान फाउंडेशन द्वारा संचालित “गिविंग विंग्स टू ड्रीमर्स” कार्यक्रम के अंतर्गत जानकीपुरम पार्क, सेक्टर-8 में एक भव्य सामुदायिक खेल आयोजन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस पहल में जानकीपुरम, मड़ियांव, पारा, बालागंज, अहमदगंज एवं बड़ा खुदान क्षेत्रों से आए माता-पिता, किशोरियों के भाई तथा स्वयं किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खेल गतिविधियों के माध्यम से परिवार और किशोरियों के बीच संवाद, सहयोग एवं विश्वास को मजबूत करना था, ताकि बेटियों को परिवार और समाज में समान अधिकार, सम्मान और समर्थन मिल सके। आयोजन ने यह संदेश दिया कि परिवार का साथ बेटियों के सपनों को नई उड़ान देता है।
खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों का जोश देखते ही बनता था। माताओं की कबड्डी प्रतियोगिता में बालागंज ने प्रथम, पारा ने द्वितीय तथा बड़ा खुदान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाइयों की रस्साकशी में पारा प्रथम और जानकीपुरम द्वितीय रहा। क्रिकेट मुकाबले में बालागंज की टीम 11 रनों से विजयी रही।भाइयों की पंजा लड़ाने की प्रतियोगिता में सलमान (बालागंज) प्रथम, मोहित (जानकीपुरम) द्वितीय तथा राजवीर तृतीय रहे। पिताओं की पंजा लड़ाने की प्रतियोगिता में सरजू (पारा) प्रथम, रफीक (अहमदगंज) द्वितीय और विष्णुदयाल जी (पारा) तृतीय स्थान पर रहे। पतंगबाजी में बड़ा खुदान की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा कंचे, खो-खो, बाधा दौड़ और नींबू रेस जैसी प्रतियोगिताओं ने भी प्रतिभागियों में उत्साह और आपसी सौहार्द्र को बढ़ाया। सभी विजेताओं को पदक एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सिविल डिफेंस से मनोज वर्मा और जानकीपुरम के पार्षद दीपक लोधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामुदायिक एकता, पारिवारिक सहभागिता और किशोरी सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में सामने आया।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).