
भारत और अमेरिका का व्यापार समझौता अत्यंत महत्वपूर्ण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल एवं वरिष्ठ महामंत्री सचिन कंछल ने कहा है कि अमेरिका के साथ हुआ नया व्यापार समझौता भारत के लाखों व्यापारियों के हित में है। मंडल ने इस समझौते का स्वागत करते हुए इसे देश और प्रदेश के उद्योग एवं व्यापार के लिए लाभकारी बताया। प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि इस व्यापार समझौते में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा रूस से तेल खरीदने पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ को हटाकर अब केवल 18 प्रतिशत टैरिफ लागू किया गया है, जिससे भारत को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस समझौते के तहत नारियल तेल, गरी, वनस्पति मोम, कॉफी, चाय, मसाले, स्मार्टफोन, जेनेरिक दवाएं, एयरक्राफ्ट के पार्ट्स, इनऑर्गेनिक केमिकल्स, सिल्क और घड़ियों के निर्यात पर अमेरिका द्वारा कोई आयात शुल्क नहीं लगाया जाएगा। इसके अलावा भारत से फल, सब्जियां, खस-खस और खट्टे फलों के रस बिना किसी शुल्क के अमेरिका भेजे जा सकेंगे। कंछल ने कहा कि कैंसर निरोधी एवं जीवन रक्षक दवाओं पर शून्य टैरिफ लागू किया गया है, वहीं रत्न और आभूषणों को भी अमेरिकी बाजार में शुल्क मुक्त कर दिया गया है। इससे भारतीय व्यापारियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह व्यापार समझौता भारत के व्यापारियों के लिए नए अवसर खोलेगा और निर्यात को बढ़ावा देगा, जिससे देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).