
भारत वंदना’ में गूंजे राष्ट्रभक्ति के स्वर, संगीतमय प्रस्तुति ने बांधा समां
लखनऊ। भारत विकास परिषद अवध प्रांत, कृष्णा नगर शाखा एवं उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुति “भारत वंदना” का भव्य आयोजन संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह, गोमती नगर, लखनऊ में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष डॉ. संजीव अवस्थी द्वारा परिषद की गतिविधियों की जानकारी देते हुए अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के स्वागत के साथ किया गया। शाखा सचिव शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल की परिकल्पना का साकार रूप है। मुख्य अतिथि संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कार्यक्रम को राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने वाला बताते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायी कहा। विशिष्ट अतिथि विक्रांत खंडेलवाल ने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर राष्ट्रभक्ति गीतों के माध्यम से संस्कार निर्माण और सामाजिक जागरण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष जयन्त खेत ने की। डॉ. सीमा भारद्वाज के संयोजन तथा केवल कुमार के संगीत निर्देशन में कलाकारों ने “चंदन है इस देश की माटी”, “देश हमें देता है सब कुछ”, “संगठन गढ़े चलो सुपंथ पर बढ़े चलो”, “मन मस्त फकीरी धारी है” एवं “तन समर्पित मन समर्पित” जैसे प्रेरणास्पद गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने सराहा। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, प्रांतीय अध्यक्ष देवेन्द्र स्वरूप शुक्ला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, प्रांतीय प्रचार सचिव प्रदीप मिश्रा, गरिमा मिश्रा सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).