लखनऊ | 17 मार्च 2026 को सेठ एम. आर. जयपुरिया स्कूल, गोयल कैम्पस के कक्षा 4 के छात्रों को लखनऊ जंक्शन के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चारबाग (छोटी लाइन) स्टेशन का शैक्षणिक भ्रमण करने का अवसर प्राप्त हुआ। इस विशेष अवसर पर रेलवे प्रशासन द्वारा एक आकर्षक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय रेलवे के पिछले सौ वर्षों के समृद्ध इतिहास और लखनऊ जंक्शन की ऐतिहासिक यात्रा को दर्शाया गया। इस भ्रमण के दौरान कक्षा 4 के छात्र विवान, साक्ष्य देवज्ञ और प्राशीनि सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भाप इंजन, ऐरावत इंजन, पुराने समय के डिब्बों की संरचना, टिकट प्रणाली, वेटिंग मशीन तथा पुराने सिग्नल सिस्टम के मॉडल को नजदीक से देखा और समझा। छात्रों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र ‘माइकल’ नामक प्रशिक्षित कुत्ता रहा, जिसने अपनी कुशलता और अनुशासन से सभी का मन मोह लिया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को भारतीय रेलवे की पारंपरिक व्यवस्था से लेकर आधुनिक ऑनलाइन प्रणाली तक की प्रगति से परिचित कराना था।
छात्रों के उत्साह और जिज्ञासा को देखकर यह स्पष्ट हुआ कि रेलवे प्रशासन का यह प्रयास सफल रहा। लखनऊ जंक्शन के पीआरओ ने छात्रों के अनुशासित व्यवहार की सराहना की। वहीं, विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. श्रीमती रीना पाठक ने भी विद्यार्थियों के अनुभव सुनकर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में ऐसे जागरूकता पूर्ण शैक्षणिक कार्यक्रमों के आयोजन का आश्वासन दिया।






Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).