
बी.एम.एन सेवा संस्थान द्वारा सम्मान कार्यक्रम 2025 आयोजित, देशभर की प्रतिभाओं को मिला सम्मान
लखनऊ । उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के निराला सभागार में रविवार को अपराह्न 4 बजे बी.एम.एन सेवा संस्थान, लखनऊ द्वारा “सम्मान कार्यक्रम 2025” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, कला, संगीत, नृत्य, अनुवाद, सामाजिक सेवा तथा डिजिटल माध्यम से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों की उपस्थिति ने समारोह को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोज कांत (निदेशक, राष्ट्रधर्म पत्रिका एवं सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख, आरएसएस), पवन सिंह (सदस्य विधान परिषद), कामेश्वर सिंह (अध्यक्ष, भाजपा किसान मोर्चा) तथा श्रीप्रकाश गुप्ता (आईएएस) की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों का स्वागत अमित कुमार मल्ल एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। अमित कुमार मल्ल ने सभी अतिथियों का संक्षिप्त परिचय देते हुए स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. पूनम वर्मा ने किया।
समारोह में आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल तथा हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वीरकेश्वर मल्ल सम्मान से ओलंपियन संजीव सिंह तथा अन्य विशिष्ट व्यक्तियों को अलंकृत किया गया। बंश बहादुर मल्ल साहित्य श्री, कला श्री, संगीत श्री एवं नृत्य कला श्री सम्मान 2025 के अंतर्गत देश के विभिन्न शहरों से आए साहित्यकारों, कलाकारों और संगीतज्ञों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में पार्वती मल्ल साहित्य श्री सम्मान, पार्वती मल्ल उपन्यास सम्मान, गणेश मल्ल अनुवाद सम्मान, दरियाव मल्ल सम्मान, सुभाष मल्ल सम्मान तथा बलदेव मल्ल सम्मान भी प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त बंश बहादुर मल्ल एवं पार्वती मल्ल यू-ट्यूब सम्मान 2025 के माध्यम से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले रचनाकारों को भी सम्मानित किया गया। रामदास सिंह युवा कवयित्री सम्मान एवं बंश बहादुर मल्ल छात्रा सम्मान 2025 के द्वारा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया गया। लगभग दो घंटे तक चले इस गरिमामय समारोह में प्रशासनिक, शैक्षणिक, सामाजिक एवं साहित्यिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करना तथा समाज में सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा देना रहा। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).