
ऐतिहासिक जीत के बाद लखनऊ में इं. एन.डी. द्विवेदी का भव्य स्वागत
58 वर्षों में पहली बार उत्तर प्रदेश को मिला अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स फेडरेशन का राष्ट्रीय नेतृत्व
लखनऊ। प्रदेश के अभियंता समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए इं. एन.डी. द्विवेदी को अखिल भारतीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। वर्ष 1968 में स्थापित अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स फेडरेशन के 58 वर्ष के इतिहास में पहली बार लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश से किसी प्रतिनिधि को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। द्विवेदी ने बहुमत के साथ यह चुनाव जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद जब श्री द्विवेदी शताब्दी एक्सप्रेस से राजधानी लखनऊ पहुंचे, तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के अध्यक्ष इं. एच.एन. मिश्रा के नेतृत्व में महासंघ के 24 घटक संगठनों के पदाधिकारियों और सैकड़ों अभियंताओं ने रेलवे स्टेशन से लेकर महासंघ कार्यालय तक फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरे मार्ग में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
महासंघ कार्यालय में स्वागत के बाद मिष्ठान वितरण किया गया और इसके उपरांत एक भव्य जुलूस निकाला गया, जो डिप्लोमा इंजीनियर्स भवन, लोक निर्माण विभाग तक पहुंचा। यहां द्विवेदी को पारंपरिक तरीके से गदा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभियंताओं और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रही।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष इं. एन.डी. द्विवेदी ने कहा कि वे संगठन की गरिमा बनाए रखने और देशभर के डिप्लोमा इंजीनियर्स के सम्मान को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने तकनीकी आयोग के गठन, पूरे देश में समान वेतन व्यवस्था लागू कराने तथा पुरानी पेंशन योजना की बहाली जैसे मुद्दों पर निरंतर संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
ज्ञात हो कि अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स फेडरेशन देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रीय विभागों में कार्यरत चार लाख से अधिक डिप्लोमा इंजीनियर्स का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे में इसका नेतृत्व उत्तर प्रदेश को मिलना प्रदेश के अभियंताओं के लिए गर्व की बात माना जा रहा है।
स्वागत समारोह में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री शिवबरन सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अभियंता और कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन इं. राजर्षि त्रिपाठी ने किया।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).