
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शुरू की इन हाउस पत्रिका ' प्रवाह '
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अपनी पहली ‘इन-हाउस’ पत्रिका ‘प्रवाह’ का विमोचन किया। इस पत्रिका का लोकार्पण प्रदेश के वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ अरुण कुमार सक्सेना द्वारा यूपीपीसीबी मुख्यालय के सभागार में किया गया।
इस अवसर पर बोर्ड के अध्यक्ष डॉ रविन्द्र प्रताप सिंह तथा सदस्य सचिव संजीव सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने पत्रिका की उपयोगिता और इसके उद्देश्य पर विस्तार से चर्चा की।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि ‘प्रवाह’ पत्रिका वर्ष में दो बार प्रकाशित की जाएगी और यह हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगी। इस पत्रिका के माध्यम से बोर्ड पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे अपने कार्यों, नई तकनीकों के उपयोग, अनुसंधान गतिविधियों तथा विभिन्न अभियानों की जानकारी विशेषज्ञों, पर्यावरणविदों और आम जनता तक पहुंचाएगा।
बोर्ड के सदस्य सचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि यह पत्रिका न केवल सूचना का माध्यम होगी, बल्कि जनभागीदारी को भी प्रोत्साहित करेगी। इसमें पर्यावरण से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ लेख, केस स्टडी, नवाचार और जागरूकता संबंधी सामग्री प्रकाशित की जाएगी, जिससे लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एक वैधानिक संस्था है, जो राज्य सरकार के अधीन रहकर वायु, जल और ध्वनि प्रदूषण की निगरानी करता है। साथ ही यह सुनिश्चित करता है कि औद्योगिक इकाइयां निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन करें। बोर्ड सतत विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी संचालित करता है।
बोर्ड समय-समय पर जागरूकता अभियान, निरीक्षण और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर समाज के सभी वर्गों—उद्योगों, युवाओं, विद्यार्थियों और विशेषज्ञों—की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करता है। कार्यक्रम के दौरान यह भी कहा गया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग से सुझावों का सदैव स्वागत है। कार्यक्रम में मुख्य पर्यावरण अधिकारी राम गोपाल, उत्सव शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).