
डिप्लोमा इंजीनियर्स फेडरेशन का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न
लखनऊ। अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स फेडरेशन के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन नई दिल्ली स्थित कार्यालय परिसर के ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। इस अधिवेशन में देश के 28 राज्यों तथा विभिन्न केन्द्रीय अभियंत्रण विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और तकनीकी कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।
अधिवेशन में उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग के डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के प्रदेश अध्यक्ष इं. एन.डी. द्विवेदी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचित किया गया। उन्हें लगभग 57,000 प्रभावी मतों के भारी बहुमत से जीत हासिल हुई। वर्ष 1968 में फेडरेशन के गठन के बाद यह पहला अवसर है जब उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग से किसी प्रतिनिधि को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है।
अधिवेशन के दौरान अभियंत्रण विभागों में वेतनमान, सेवा संबंधी विसंगतियां, कार्य परिस्थितियों की कठिनाइयों सहित कई अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही तकनीकी आयोग के गठन, पूरे देश में समान वेतनमान लागू करने तथा पुरानी पेंशन बहाली जैसी प्रमुख मांगें उठाई गईं। आठवें वेतन आयोग के संदर्भ में डिप्लोमा इंजीनियर्स के हितों को लेकर प्रतिवेदन तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अधिवेशन में फेडरेशन की स्मारिका का विमोचन किया गया तथा निवर्तमान महासचिव इं. मनामोहन राजबोंग्सी को सम्मानित किया गया।
फेडरेशन देशभर के 4 लाख से अधिक डिप्लोमा इंजीनियर्स का प्रतिनिधित्व करता है और सभी राज्यों के अभियंत्रण संगठनों से संबद्ध है। शपथ ग्रहण के बाद प्रथम कार्यकारिणी बैठक नव-निर्वाचित अध्यक्ष इं. एन.डी. द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।





Leave A Comment
Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).